केंद्रीय खेल और युवा मामलों के मंत्री मनसुख मांडविया ने आज नई दिल्ली लौटे पेरिस पैरालंपिक 2024 के भारतीय दल को सम्मानित किया। श्री मंडाविया ने जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित समारोह में पदक विजेताओं को चेक सौंपे। प्रत्येक स्वर्ण पदक विजेता को 75 लाख रुपये, रजत पदक विजेता को 50 लाख रुपये और कांस्य पदक विजेता को 30 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी गई।
श्री मांडविया ने कहा कि पिछले दशक में देश के प्रदर्शन में काफी सुधार हुआ है, जिससे इस साल के पैरालंपिक में रिकॉर्ड 29 पदक आये हैं। इनमें 7 स्वर्ण, 9 रजत और 13 कांस्य पदक शामिल हैं। उन्होंने कहा कि सरकार खिलाड़ियों और कोच को बेहतर प्रशिक्षण के लिए सभी सुविधाएं उपलब्ध करा रही है।
आकाशवाणी समाचार से बात करते हुए पेरिस में पुरुषों की भाला फेंक एफ-41 स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाले नवदीप सिंह ने अपनी उपलब्धि का श्रेय सरकार को देते हुए कहा कि सरकार के समर्थन के बिना यह संभव नहीं हो सकता था।
तीरंदाजी में स्वर्ण पदक जीतने वाले हरविंदर सिंह ने कहा कि सभी में अनोखी प्रतिभा होती है और अगर वे ऐसी उपलब्धि हासिल कर सकते हैं तो हर व्यक्ति ऐसा कर सकता है।