केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कहा कि यूरोपीय संघ या अमरीका के साथ हुए सभी हालिया मुक्त व्यापार समझौतों ने भारत के राष्ट्रीय हितों की पूर्णतः रक्षा की है, जिनमें किसानों के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने यह बात नई दिल्ली में भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान-आई.ए.आर.आई. के 64वें दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि आज भारत चावल का विश्व का नंबर एक उत्पादक बनकर चीन को पीछे छोड़ चुका है और भारतीय गेहूं की किस्में विश्व स्तर पर अपनी पहचान बना रही हैं। श्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में एक शक्तिशाली, गौरवशाली, समृद्ध, आत्मनिर्भर और विकसित भारत का निर्माण हो रहा है। उन्होंने छात्रों से विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने के लिए तत्पर रहने का आग्रह किया।
उन्होंने छात्रों से धैर्य और आशा बनाए रखने का आग्रह करते हुए निराशा या ईर्ष्या के आगे न झुकने और जीवन और कार्य के प्रति उत्साह बनाए रखने की सलाह दी। आज स्नातकोत्तर और डॉक्टरेट कार्यक्रमों को पूरा करने वाले कुल चार सौ 70 छात्रों को डिग्री प्रदान की गई। संस्थान के अनुसार दो सौ 90 छात्रों को एमएससी/एमटेक की डिग्री मिली, जबकि एक सौ 80 शोधार्थियों को पीएचडी की डिग्री प्रदान की गई। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के अधीन कार्यरत आई.ए.आर.आई. एक सौ 21 वर्ष पुराना कृषि अनुसंधान संस्थान है जो भारत की खाद्य, पोषण और आजीविका सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यह समारोह संस्थान के दीक्षांत समारोह सप्ताह का समापन था, जो 8 फरवरी से शुरू हुआ था।
News On AIR | फ़रवरी 13, 2026 4:58 अपराह्न | Union Minister Shivraj Singh Chouhan
मुक्त व्यापार समझौतों में किसानों के हित सुरक्षित: केंद्रिय मंत्री शिवराज सिंह चौहान