केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने आज दोपहर मुंबई में भारतीय नौसेना के अपतटीय गश्ती पोत आईएनएस सुनयना को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इंडियन ओशन शिप -आईओएस सागर पोत पर भारत और सोलह मित्र देशों की नौसेना के जवान सवार हैं।
इस अवसर पर रक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि आईओएस सागर पहल भारत के ‘साझेदारी के माध्यम से नेतृत्व, एकता के माध्यम से शक्ति और शांति के माध्यम से प्रगति’ के सामूहिक दृष्टिकोण का प्रतिबिंब है। श्री सेठ ने कहा कि आईओएस सागर महासागर-क्षेत्रीय सुरक्षा और विकास के लिए पारस्परिक और समग्र उन्नति की भारत की परिकल्पना का एक व्यावहारिक और परिचालनात्मक रूप है।
इस अवसर पर नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी ने कहा कि आईओएस सागर के माध्यम से 16 समान विचारधारा वाले समुद्री देशों का एक साझा उद्देश्य और सामूहिक प्रतिबद्धता के लिए एक साथ आना अत्यंत महत्वपूर्ण है। नौसेना प्रमुख ने एक स्वतंत्र, खुले और सुरक्षित हिंद महासागर को सुनिश्चित करने के लिए सहयोगात्मक दृष्टिकोण की आवश्यकता पर बल दिया।