अगस्त 2, 2025 9:07 अपराह्न

printer

केन्द्रीय मंत्री निर्मला सीतारामन ने की कांग्रेस नेता राहुल गांधी की आलोचना

भारतीय जनता पार्टी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री दिवंगत अरुण जेटली पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की टिप्पणी की आलोचना की है। पार्टी नेता और केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि अगर गैर-जिम्मेदारी का कोई चेहरा है, तो वह राहुल गांधी हैं।

श्रीमती सीतारामन ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में लोगों पर और  उन लोगों पर भी जो अब इस दुनिया में नहीं हैं, बेबुनियाद आरोप लगाना उनके व्यक्तित्व की विशेषता बनता जा रहा है। सुश्री सीतारमण ने कहा कि दिवंगत अरुण जेटली पर राहुल गांधी की टिप्पणी निंदनीय है।

 श्री गांधी ने नई दिल्ली में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दावा किया था कि सरकार ने कृषि कानूनों के खिलाफ विपक्ष के विरोध को लेकर उन्हें धमकाने के लिए श्री जेटली को भेजा था।

 गौरतलब है कि जेटली के निधन के लगभग एक साल बाद, जून 2020 में केंद्र द्वारा तीन कृषि कानून अध्यादेश के रूप में लाए गए थे। अरुण जेटली के बेटे रोहन जेटली ने भी गांधी की टिप्पणी पर उनकी आलोचना की।