केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने देश के युवाओं से राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ काम करने का आह्वान किया है। आज नई दिल्ली में विकसित भारत युवा संसद को संबोधित करते हुए डॉ. मांडविया ने कहा कि देश के युवा भारत को विकसित देश बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इस दो दिवसीय कार्यक्रम का विषय है – विकसित भारत। श्री मांडविया ने युवाओं से राष्ट्र के विकास में योगदान देने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि इन युवाओं का चयन देश के 300 जिलों से किया गया है और युवा संसद देश के लोकतांत्रिक स्वरूप को समझने का अवसर देगी।
युवा कार्य और खेल मंत्रालय विकसित भारत युवा संसद का आयोजन कर रहा है। यह कार्यक्रम युवाओं को राजनीति और सार्वजनिक नीति से जोड़ने, शासन और राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए एक शक्तिशाली मंच के रूप में कार्य करता है। इस पहल के माध्यम से सामने आए विचार और चर्चाएं युवाओं के नेतृत्व वाली नीति में भागीदारी और राष्ट्रीय प्रगति के एक नए युग का मार्ग प्रशस्त करेंगी।