अप्रैल 4, 2026 2:45 अपराह्न

printer

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने विदेशी अंशदान (विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 पर गलतफहमियां दूर करने की बात कही

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने आज कहा कि विदेशी अंशदान (विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026  को लेकर किसी भी प्रकार की गलतफहमी को दूर किया जाएगा। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी, लेकिन देश के कल्याण के लिए काम करने वाले संगठनों को परेशान नहीं किया जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि ईसाई मिशनरियों द्वारा उठाए गए मुद्दों पर ध्यान दिया जाएगा। श्री रिजिजू ने केरलम दौरे के दौरान कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रत्येक भारतीय के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने विभिन्न हितधारकों से भी बातचीत की।

उन्होंने विपक्षी दलों पर राजनीतिक लाभ के लिए गलत सूचना फैलाने का आरोप लगाया। सरकार का पक्ष स्पष्ट करते हुए श्री रिजिजू ने कहा कि भारत में आने वाले सभी विदेशी अंशदान ढांचे के तहत विनियमित हैं।

उन्होंने कहा कि यदि धन का उपयोग जन कल्याण के अपने निर्धारित उद्देश्य के लिए किया जाता है तो चिंता की कोई बात नहीं है। हालांकि, उन्होंने चेतावनी दी कि यदि धन का दुरुपयोग अवैध गतिविधियों  तथा राष्ट्रीय हितों के विरुद्ध उपयोग किया जाता है तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।