फ़रवरी 26, 2026 5:47 अपराह्न

printer

केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने महिला नेतृत्व वाले सम्मेलन ‘सशक्त नारी-विकसित भारत’ को संबोधित किया

महिला और बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्‍य महिला-नेतृत्व वाले विकास पर है। इसके अंतर्गत महिलाओं के लिए बेहतर अवसर, आर्थिक स्वतंत्रता और सुरक्षित कार्यस्थल सुनिश्चित करना नीतिगत ढांचे के केंद्र में है। उन्होंने यह बात नई दिल्ली में आयोजित महिला-नेतृत्व सम्मेलन सशक्त नारी-विकसित भारत के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कही। केंद्रीय मंत्री ने प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, स्टार्टअप इंडिया और पीएम स्वनिधि जैसी कई सरकारी पहलों पर उल्‍लेख किया, जिन्होंने महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया है।

केंद्रीय बजट 2026 का जिक्र करते हुए श्रीमती अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि इस वर्ष महिला-केंद्रित योजनाओं के लिए लगभग पांच लाख करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित ‘शी-मार्ट’ पहल महिलाओं के लिए एक समर्पित मंच प्रदान करेगी और ‘लोकल फॉर ग्लोबल’ विजन के अंतर्गत उनके उत्पादों को बढ़ावा देगी। श्रीमती अन्नपूर्णा देवी ने बताया कि देशभर में करीब 10 करोड़ महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हैं और दो करोड़ से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। सरकार का लक्ष्य इस संख्‍या का बढ़ाकर छह करोड़ करने का है।