गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि देश इस महीने के अंत तक नक्सलवाद से मुक्त हो जाएगा। ओडिशा के कटक में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल- सीआईएसएफ के 57वें स्थापना दिवस समारोह में श्री शाह ने कहा कि सुरक्षा बल तिरुपति से पशुपतिनाथ तक फैले लाल गलियारे के माओवादियों के सपने को पूरी तरह से ध्वस्त कर देंगे। उन्होंने ओडिशा, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना जैसे राज्यों में नक्सल विरोधी अभियानों में सीआईएसएफ के योगदान की सराहना की। गृह मंत्री ने कहा कि सीआईएसएफ देश के औद्योगिक अवसंरचना की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है और वर्तमान में देश भर में 70 हवाई अड्डों और 361 महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों को सुरक्षा प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि सरकार ने सभी बंदरगाहों की सुरक्षा सीआईएसएफ को सौंपने का निर्णय लिया है। श्री शाह ने कहा कि सीआईएसएफ को ड्रोन सुरक्षा के लिए नोडल एजेंसी बनाया गया है और इसके लिए एक अलग विभाग का गठन किया जाएगा।
एक अन्य कार्यक्रम में गृह मंत्री ने ओडिशा के पारादीप में इंडियन फार्मर्स फर्टिलाइजर कोऑपरेटिव (आईएफएफसीओ) लिमिटेड के परिसर में एक नए सल्फ्यूरिक एसिड संयंत्र का लोकार्पण किया। इस संयंत्र को लगभग 750 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से स्थापित किया गया है। श्री शाह ने कहा कि ओडिशा विकास के पथ पर निरंतर अग्रसर है और आने वाले वर्षों में गुजरात के समान विकास करेगा। उन्होंने भारत में सहकारी आंदोलन की सफलता पर कहा कि लगभग पांच करोड़ किसानों के स्वामित्व वाली आईएफएफसीओ देश के कृषि क्षेत्र को सहयोग देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। नए सल्फ्यूरिक एसिड संयंत्र की उत्पादन क्षमता प्रतिदिन 2000 टन सल्फ्यूरिक एसिड होगी। इससे औद्योगिक उत्पादन में वृद्धि होने के साथ-साथ पर्यावरणीय दक्षता में भी सुधार होने की उम्मीद है। इस संयंत्र से लगभग छह लाख मीट्रिक टन सल्फ्यूरिक एसिड के आयात में कमी आने की भी संभावना है। इससे बहुमूल्य विदेशी मुद्रा की बचत होगी।
News On AIR | मार्च 6, 2026 6:45 अपराह्न | Union Minister Amit Shah
देश जल्द नक्सलवाद से मुक्त होगा: गृह मंत्री