केंद्रीय गृह मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता अमित शाह ने झारखंड में हेमंत सोरेन सरकार पर देश की सबसे भ्रष्ट सरकार होने का आरोप लगाया है। श्री शाह ने रांची में झारखंड प्रदेश भाजपा कार्यसमिति को संबोधित करते हुए कहा कि एक सांसद के आवास पर तीन सौ करोड़ रुपये बरामद किए गए और झारखंड के एक मंत्री के पीए से 30 करोड़ रुपये जब्त किए गए। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश से घुसपैठ के कारण राज्य की जनसांख्यिकी बदल रही है। श्री शाह ने कहा कि सोरेन सरकार पर घुसपैठ पर ध्यान न देकर इसे वोट बैंक मान रही है।
श्री शाह ने रांची में भाजपा प्रदेश कोर ग्रुप की बैठक में भी भाग लिया। उन्होंने राज्य में विधानसभा चुनाव के लिए रणनीति पर चर्चा की। श्री शाह ने पदाधिकारियों को नरेंद्र मोदी सरकार के कल्याणकारी कार्यों को लोगों के बीच पहुंचाने का निर्देश दिया।
समीक्षा बैठक में पार्टी सांसदों और विधायकों के अलावा केंद्रीय कृषि मंत्री और भाजपा के झारखंड चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान तथा चुनाव सह प्रभारी हिमंत बिस्व सर्मा भी उपस्थित थे।