केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज विकासपुरी क्षेत्र में दिल्ली जल बोर्ड के एक हजार आठ सौ 16 करोड़ रुपये से अधिक के विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन और शिलान्यास किया। अपने संबोधन में गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि देश में सुरक्षा और सुशासन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के दौरान धरातल पर उतारा गया है। उन्होंने बताया कि आज के कार्यक्रम में 11 कार्यों का लोकार्पण और 8 कार्यों का शिलान्यास किया जा रहा है।
श्री शाह ने कहा कि यह कार्यक्रम इसलिए भी विशेष है क्योंकि इसमें 80 प्रतिशत के कार्य यमुना को निर्मल बनाने की योजनाओं से जुड़े हुए हैं। उन्होंने जनता को आश्वासन देते हुए कहा कि सात महीने के भीतर यमुना नदी को पूर्ण तरीके से स्वच्छ कर दिया जाएगा। इसके अलावा श्री शाह ने कहा कि 1 जनवरी 2028 तक दिल्ली में कूड़े के पहाड़ को भी समाप्त कर दिया जाएगा।
वहीं, रेखा गुप्ता ने पूर्ववर्ती आम आदमी पार्टी सरकार पर आरोप लगाया और कहा कि उन्होंने यमुना की सफाई के लिए आवंटित बजट के साथ भ्रष्टाचार किया गया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और दिल्ली सरकार यमुना सफाई के लिए प्रतिबद्ध है।