अप्रैल 2, 2026 1:39 अपराह्न

printer

केंद्रीय संचार मंत्री ने डाक प्रशिक्षण केंद्र सहारनपुर के 75 वर्ष पूरे होने पर एक स्मारक डाक टिकट जारी किया

केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा है कि इंडिया पोस्ट देश में एक प्रमुख लॉजिस्टिक्स पावरहाउस बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और इसका लक्ष्य 2030 तक वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बनाना है।

संचार मंत्री ने आज नई दिल्ली में डाक प्रशिक्षण केंद्र-पीटीसी सहारनपुर के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में एक स्मारक डाक टिकट जारी करते समय यह बात कही।

इस दिन को ऐतिहासिक बताते हुए उन्होंने 75 वर्ष पुराने इस प्रशिक्षण केंद्र की प्रशंसा की, जहां हजारों डाक कर्मचारियों को सेवा, दक्षता, सटीकता और राष्ट्र सर्वोपरि जैसे मूल्यों के साथ प्रशिक्षित किया गया है।

उन्‍होंने कहा कि पीटीसी सहारनपुर जैसे संस्थानों ने 75 वर्षों में लगभग 25 लाख डाक कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया। प्रत्‍येक वर्ष लगभग 30 हजार प्रशिक्षु यहां प्रशिक्षण प्राप्त करते हैं।

उन्होंने कहा कि पीटीसी सिर्फ एक इमारत नहीं, बल्कि एक ऐसी जगह है जहां हर सांस के साथ इतिहास रचा जाता है और साधारण कर्मचारी राष्ट्र की सेवा के लिए समर्पित कर्मयोगी बनते हैं।

कार्यक्रम के दौरान गोवा सरकार और कोचीन बंदरगाह प्राधिकरण ने पेंशन लेखा और प्रबंधन प्रणाली में शामिल होने के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किए।

यह दूरसंचार विभाग के पेंशनभोगियों के लिए एकीकृत, ऑनलाइन पेंशन प्रबंधन प्रणाली है, जो पेंशन की प्रक्रिया, स्वीकृति और वितरण के लिए एक ही मंच प्रदान करती है।

यह ऑनलाइन शिकायत निवारण, डिजिटल प्रोफाइल प्रबंधन और लेनदेन रिकॉर्ड की सुविधा भी प्रदान करती है, जिससे सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए पारदर्शिता और दक्षता बढ़ती है।

 

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला