यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की की दोहा यात्रा के दौरान यूक्रेन और कतर ने रक्षा सहयोग समझौते पर हस्ताक्षर किए। दोनों देशों ने क्षेत्रीय तनावों और द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के बारे में चर्चा की।
श्री ज़ेलेंस्की ने आज कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अस-सानी से भेंट की। दोनों नेताओं ने क्षेत्र में बढ़ते तनाव और यूक्रेन में जारी संघर्ष सहित क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों की समीक्षा की। कतर के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि समझौते में मिसाइल खतरों और मानवरहित हवाई प्रणालियों का मुकाबला करने में सहयोग के साथ दोनों देशों के बीच विशेषज्ञता का आदान-प्रदान भी शामिल है।
बैठक में श्री ज़ेलेंस्की ने कतर के साथ यूक्रेन की एकजुटता व्यक्त की और क्षेत्रीय देशों को निशाना बनाकर किए गए हमलों की निंदा की। दोनों नेताओं ने सैन्य तनाव रोकने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने और साझेदारी के नए मार्ग तलाशने के उद्देश्य से प्रौद्योगिकी, सुरक्षा, रक्षा और ऊर्जा क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर भी चर्चा की। बैठक में कतर के प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुल रहमान बिन जसीम अस-सानी शामिल थे।