संयुक्त अरब अमीरात के रक्षा मंत्रालय का कहना है कि उनकी वायु सुरक्षा प्रणालियों ने कल ईरान से दागी गई चार बैलिस्टिक मिसाइलों और 25 ड्रोनों को मार गिराया, जिनकी आवाज कई शहरी इलाकों में सुनी गई।
एक अन्य घटना में, यूके मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस सेंटर ने बताया कि शारजाह तट से लगभग 15 समुद्री मील दूर एक मालवाहक पोत के पास मिसाइल विस्फोट हुआ।
लेबनान में, इस्राएल सेना ने हवाई और जमीनी अभियान तेज कर दिए हैं। सेना ने पुष्टि की है कि लितानी नदी पर बने पुलों पर हमले किए गए, ताकि हिजबुल्लाह के आपूर्ति मार्गों को बाधित किया जा सके। इस्राएल के रक्षा मंत्री इस्राएल काट्ज़ ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में ईरान समर्थित समूहों पर दबाव और बढ़ेगा।
इस बीच, ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर ने अपने ऑपरेशन ट्रू प्रॉमिस 4 के 74वें चरण की घोषणा की है। इसमें भारी मिसाइलों के इस्तेमाल का दावा करते हुए तेल अवीव, पेटाह टिकवा, होलोन और रामत गन जैसे शहरों में सैन्य और सुरक्षा ठिकानों को निशाना बनाने की बात कही गई है।
तेहरान में माहौल आक्रामक है और धमकियाँ बढ़ती जा रही हैं। ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर ने अपने ऑपरेशन ट्रू प्रॉमिस 4 के 74वें चरण की घोषणा करते हुए भारी मिसाइलों के इस्तेमाल और इस्राएल के सैन्य व सुरक्षा ठिकानों पर हमलों का दावा किया है।
ईरानी संसद के अध्यक्ष ने सोशल मीडिया पर चेतावनी देते हुए कहा कि अगर ईरानी बिजली संयंत्रों पर हमला होता है, तो पूरे क्षेत्र में महत्वपूर्ण बुनियादी और ऊर्जा ढाँचा प्रभावित होगा तथा तेल सुविधाएँ बाधित होंगी। जिससे तेल की कीमतें लंबे समय तक ऊँची बनी रह सकती हैं।
इस बीच, ब्रिटेन में ईरान के राजदूत और अंतर्राष्ट्रीय समुद्री संगठन में स्थायी प्रतिनिधि ने कहा है कि जलडमरूमध्य ईरान के दुश्मनों को छोड़कर सभी देशों के लिए खुला रहेगा और तेहरान के साथ आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था हो जाने के बाद सुरक्षित आवागमन संभव है।