अप्रैल 4, 2026 7:26 अपराह्न

printer

यूडीएफ केरलम में वास्तविक बदलाव लाने के लिए तैयार है: नेता विपक्ष राहुल गांधी

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने आज अलाप्पुझा में कहा कि यूडीएफ केरलम में वास्तविक बदलाव लाने के लिए तैयार है। उन्होंने एलडीएफ और एनडीए दोनों की आलोचना करते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव के बाद सत्ताधारी एलडीएफ अप्रासंगिक हो जाएगा। श्री राहुल गांधी ने आज इडुक्की और एर्नाकुलम जिलों में यूडीएफ की चुनावी सभाओं को भी संबोधित किया। सीपीआई-मार्क्‍सवादी के महासचिव एम. ए. बेबी और पोलित ब्यूरो सदस्य सुभाषिनी अली ने विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों में एलडीएफ के लिए प्रचार किया। श्री बेबी ने कहा कि एलडीएफ ने केरल को कई क्षेत्रों में आगे बढ़ाया है और सीपीआई-एम तुष्टीकरण की राजनीति नहीं करती बल्कि अल्पसंख्यकों के अधिकारों के लिए दृढ़ता से खड़ी है।

राज्‍य में चुनाव प्रचार मंगलवार को समाप्‍त हो रहा है। केंद्रीय मंत्री, मुख्यमंत्री और प्रमुख प्रचारकों सहित कई प्रमुख नेता प्रचार में जी-जान से जुटे हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कल कोझिकोड, एर्नाकुलम और तिरुअनंतपुरम जिलों में एनडीए के लिए प्रचार करेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे कल कोल्लम जिले में यूडीएफ के लिए प्रचार में शामिल होंगे।