मार्च 24, 2026 10:18 अपराह्न

printer

उत्तर-पश्चिम भारत में दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय, बारिश-आंधी के संभावना

मौसम विभाग ने कहा है कि इस सप्ताह देश के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में छिटपुट बारिश, गरज और तेज हवाओं के साथ दो लगातार पश्चिमी विक्षोभ जारी रहने की संभावना है। विभाग के अनुसार इस सप्ताह पूर्वोत्तर और उससे सटे पूर्वी भारत में छिटपुट से लेकर तेज बारिश होने के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। बिहार, झारखंड, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, ओडिशा और गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल में अगले कुछ दिनों तक ऐसी ही स्थिति रहेगी। अगले पांच दिनों के दौरान आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और कर्नाटक में भी गरज और तेज हवाओं के साथ बारिश होने का अनुमान व्यक्त किया गया है।

अगले दो दिनों तक तटीय महाराष्ट्र और केरल में गर्म और उमस भरा मौसम रहने की संभावना है।  आने वाले दिनों में उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्वी और पश्चिमी भारत में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि होने की संभावना है। वहीं सप्ताह के अंत में पूर्वी भारत में तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की अस्थायी गिरावट दर्ज की जा सकती है।