अमरीकी नौसेना के दो निर्देशित मिसाइल विध्वंसक जहाजों ने होर्मुज जलडमरूमध्य पार कर अरब की खाड़ी में प्रवेश कर लिया है। इस दौरान उन्हें ईरान की ओर से लगातार और समन्वित हमलों का सामना करना पड़ा। यह अमरीका के प्रोजेक्ट फ्रीडम अभियान का शुरूआती चरण माना जा रहा है। यूएसएस ट्रक्सटन और यूएसएस मेशन, अपाचे हैलीकॉप्टर और अन्य विमानों के साथ कल इस मार्ग से गुजरते हुए छोटी नावों, मिसाइलों और ड्रोन हमलों की चपेट में आए। हालांकि उनकी रक्षा प्रणालियों ने हमलों को निष्क्रिय कर दिया और किसी भी जहाज को नुकसान नहीं पहुंचा।
इस बीच संघर्ष होर्मुज जलडमरूमध्य तक सीमित नहीं रह गया है। दक्षिण कोरिया ने पुष्टि की है कि जलडमरूमध्य के पास लंगर डाले एक दक्षिण कोरियाई संचालित मालवाहक जहाज पर विस्फोट हुआ और आग लग गई। जहाज पर सवार चालक दल के सभी 24 सदस्य सुरक्षित हैं।
ओमान में बुका गवर्नेंट में एक कंपनी के कर्मचारी रिहायशी भवन पर हमले में दो निवासी घायल हो गए। उधर, संयुक्त अरब अमीरात में ईरान की मिसाइलों और ड्रोन ने फुजैराह तेल उद्योग क्षेत्र को भी निशाना बनाया।