अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा है कि ताइवान और ऊर्जा सुरक्षा उनकी आगामी चीन यात्रा के दौरान बातचीत के प्रमुख मुद्दे रहेंगे। उन्होंने चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग के साथ अपने संबंधों की सराहना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि ताइवान को लेकर तनाव नहीं बढ़ेगा। व्हाइट हाउस में कल मातृ स्वास्थ्य कार्यक्रम में श्री ट्रंप ने कहा कि उनका प्रशासन चीन के साथ बेहतर तरीके से काम कर रहा है। उन्होंने पूर्व अमरीकी प्रशासन पर चीन को अमरीका का फायदा उठाने देने का भी आरोप लगाया।
श्री ट्रंप ने चीन से संबंधित अपनी टिप्पणियों को पश्चिम एशिया में व्यापक तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य बंद किये जाने की चिंताओं से जोड़ा। उन्होंने कहा कि चीन को अपने तेल भंडार का लगभग 40 प्रतिशत हिस्सा होर्मुज से प्राप्त होता है। श्री ट्रंप ने कहा कि षी चिनफिंग के साथ शिखर सम्मेलन स्तर की वार्ताओं में ऊर्जा और ईरान प्रमुख विषय होंगे।