जनवरी 29, 2026 9:10 पूर्वाह्न

printer

ट्रंप प्रशासन वेनेजुएला में अपना रहा है चरणबद्ध रणनीति: अमरीकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो

अमरीका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने सांसदों को बताया है कि ट्रंप प्रशासन वेनेजुएला में चरणबद्ध रणनीति अपना रहा है, जिसका उद्देश्य तत्काल स्थिरता, आर्थिक सुधार और लोकतांत्रिक परिवर्तन है। वेनेजुएला के प्रति अमरीका की नीति पर कांग्रेस की सुनवाई में बोलते हुए रुबियो ने कहा कि अमरीका का लक्ष्य एक मित्रवत, स्थिर और समृद्ध वेनेजुएला का साथ है। रुबियो ने कहा कि निकोलस मादुरो के शासन में स्थिति अमरीकी सुरक्षा हितों के लिए सीधा खतरा है। उन्होंने कहा कि वेनेजुएला दुनिया के लगभग हर प्रतिद्वंद्वी, विरोधी और शत्रु के लिए एक सैन्य अड्डा बन गया है, जिनमें ईरान, रूस और चीन शामिल हैं।

देश में स्थिरता लाने के लिए रुबियो ने एक अस्थायी व्यवस्था का प्रस्ताव रखा जिसके अंतर्गत प्रतिबंधित वेनेजुएला के तेल को अमरीका की निगरानी में बाजार मूल्य पर बेचा जा सकेगा। रुबियो ने कहा कि वाशिंगटन काराकास में राजनयिक उपस्थिति बहाल करने की योजना बना रहा है, जिससे न केवल अधिकारियों बल्कि नागरिकों और विपक्षी नेताओं से भी बातचीत की जा सके। भविष्य में सैन्य हस्तक्षेप की आशंकाओं को दूर करते हुए रुबियो ने कहा कि प्रशासन वेनेजुएला में किसी भी प्रकार की सैन्य कार्रवाई की आशंका नहीं रखता है।