मार्च 16, 2026 2:03 अपराह्न

printer

तृणमूल कांग्रेस और कांग्रेस पार्टी संवैधानिक निकायों को निशाना बनाने की आदी: केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस और कांग्रेस पार्टी संवैधानिक निकायों को निशाना बनाने की आदी हैं और उनके संवैधानिक अधिकार से संबंधित मामलों का सरकार या संसद से कोई लेना-देना नहीं है।

श्री रिजिजू ने ये टिप्पणियां राज्यसभा में विधानसभा चुनाव से पहले निर्वाचन आयोग द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों के तबादलों को लेकर हुई तीखी बहस के दौरान तृणमूल कांग्रेस के वॉकआउट के बाद कीं।

आयोग के फैसले का बचाव करते हुए किरेन रिजिजू ने कहा कि उठाया गया मामला एक संवैधानिक निकाय से संबंधित है और इसके फैसलों में न तो सरकार और न ही संसद की कोई भूमिका है।

उन्होंने कहा कि सदन में अदालतों और निर्वाचन आयोग जैसी संस्थाओं के फैसलों पर सवाल उठाना उचित नहीं है और आयोग के पास अपनी शक्तियां हैं और वह स्वतंत्र रूप से काम करता है।

श्री रिजिजू ने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान किया जाना चाहिए। उन्‍होंने तृणमूल कांग्रेस और कांग्रेस पार्टी पर ऐसी संस्थाओं पर बार-बार हमला करने का आरोप लगाया, जो उचित नहीं है।श्री रिजिजू ने कहा कि सदन में ऐसे मुद्दे उठाने से संसद का समय भी बर्बाद हुआ है।

उन्होंने सदस्यों को अदालतों और निर्वाचन आयोग जैसे निकायों के फैसलों पर सदन में बार-बार सवाल उठाने के खिलाफ भी चेतावनी दी।उन्‍होंने कहा कि विपक्ष के आचरण से संसद का बहुमूल्य समय बर्बाद हुआ है। श्री रिजिजू ने सदन की कार्यवाही को उसके अधिकार क्षेत्र से बाहर के मुद्दों पर बाधित नहीं किए जाने पर बल दिया।