दिल्ली यातायात पुलिस ने बताया कि बुधवार को होने वाले आईपीएल मैच के कारण दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम के आसपास के क्षेत्र में यातायात प्रभावित रहेगा। यातायात पुलिस के अनुसार दोपहर 12 बजे से रात 12 बजे तक बहादुर शाह ज़फर मार्ग, जवाहरलाल नेहरू मार्ग और आसफ अली रोड पर भारी जाम रहने की संभावना है। इन मार्गों पर व्यावसायिक वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध रहेगा, वहीं, स्टेडियम के आसपास केवल अधिकृत लेबल वाले वाहनों को पार्किंग मिलेगी, जिसमें वाहन संख्या और चालक का मोबाइल नंबर अंकित होना अनिवार्य है।
दर्शकों के लिए माता सुंदरी पार्किंग, वेलोड्रोम रोड, शांति वन और राजघाट क्षेत्र में पार्क-एंड-राइड सुविधा उपलब्ध रहेगी। इन स्थानों से मैच शुरू होने से 2 घंटे पहले बस सेवाएं संचालित होंगी और मैच समाप्ति के बाद भी एक घंटे तक जारी रहेंगी। ऐप-आधारित टैक्सी और अन्य टैक्सियों के लिए पिक-अप और ड्रॉप के लिए स्टेडियम का गेट नंबर दो तय किया गया है। यातायात पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि वे इन मार्गों से बचें, सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें और यात्रा की योजना पहले से बनाकर ही निकलें, ताकि असुविधा से बचा जा सके।