मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए पहली बार मतदान करने वाले और युवा मतदाताओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा: अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी

बिहार विधानसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए पहली बार मतदान करने वाले और युवा मतदाताओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रशांत कुमार ने आकाशवाणी समाचार से विशेष बातचीत में बताया कि स्वीप के तहत विभिन्न मतदाता जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं।

 

उन्होंने कहा कि युवा मतदाताओं को प्रेरित करने और जोड़ने के लिए सेल्फी पॉइंट स्थापित करने और रैप गानों के प्रचार जैसे कार्यक्रमों का उपयोग किया जा रहा है।

 

श्री प्रशांत कुमार ने बताया कि समाज के विभिन्न वर्गों की भागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए महिलाओं, दिव्यांगजनों और युवा अधिकारियों द्वारा प्रबंधित मतदान केंद्र स्थापित किए जाएँगे।

उन्‍होंने बताया कि फर्जी खबरों, भ्रामक सूचनाओं और एआई-जनित सामग्री पर कड़ी नज़र रखने के लिए अलग-अलग सोशल मीडिया निगरानी दल बनाए गए हैं।