फ़रवरी 7, 2026 6:13 अपराह्न | Tiger Conservation Policy Needs Update

printer

बाघ संरक्षण नीति में संशोधन की आवश्यकता: केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव

केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा है कि बाघ संरक्षण नीति में संशोधन की आवश्यकता है। वे आज अलवर में आयोजित बाघ अभ्यारण्यों के फील्ड निदेशकों और मुख्य वन्यजीव संरक्षक के दो दिवसीय सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने अधिकारियों को राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण-एनटीसीए की पिछली 28 बैठकों में लिए गए निर्णयों की समीक्षा करने का निर्देश दिया। श्री यादव ने कहा कि भारत में बाघ संरक्षण के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में, वर्तमान चुनौतियों के अनुरूप पुरानी नीतियों में परिवर्तन की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि बोत्सवाना से चीतों का एक नया जत्था फरवरी के अंत तक भारत पहुंचने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में गठित ‘अंतर्राष्ट्रीय बाघ गठबंधन’ में अब तक 24 देश शामिल हो चुके हैं। केंद्रीय मंत्री ने घायल वन्यजीवों और अनाथ शावकों के उपचार के लिए बचाव केंद्रों हेतु एक मानक ढांचा विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया। इस सम्मेलन में देश भर के वरिष्ठ वन अधिकारी भाग ले रहे हैं।