पाकिस्तान के कराची में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान अधाधुंध हवाई गोलीबारी में एक वरिष्ठ नागरिक और एक आठ वर्षीय बालिका समेत तीन लोगों की मौत हो गई और 60 से ज़्यादा लोग घायल हो गए। स्थानीय रिपोर्ट के अनुसार ये घटनाएँ शहर के अलग-अलग हिस्सों में हुईं। अज़ीज़ाबाद में गोली लगने से घायल एक आठ वर्षीय बच्ची की अस्पताल ले जाने से पहले ही मौत हो गई। कोरंगी में, एक व्यक्ति की गोली लगने से मौत हो गई। एक अन्य क्षेत्र से खुशी में गोली चलाने से एक और मौत की खबर मिली है। बचाव और राहत सूत्रों के अनुसार आधी रात के समय शहर में गोलीबारी और आतिशबाजी होने से दर्जनों लोग घायल हो गए।
पुलिस ने पूरे शहर में अभियान चलाकर 20 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। इन संदिग्धों से हथियार व गोला-बारूद भी जब्त किया गया है। घटना की जाँच जारी है। पुलिस ने घटनाओं में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आश्वासन दिया है।