दिसम्बर 25, 2025 1:39 अपराह्न

printer

सांसद खेल महोत्सव के माध्‍यम से देश भर में हजारों प्रतिभाशाली खिलाडी उभर रहे हैं: प्रधानमंत्री मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि सांसद खेल महोत्सव के माध्‍यम से देश भर में हजारों प्रतिभाशाली खिलाडी उभर रहे हैं। आज वर्चुअल माध्यम से सांसद खेल महोत्सव को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि इसका दायरा और प्रभाव, दोनों ही काफी बढ़ गए हैं।

उन्होंने कहा कि यह खेल महोत्सव युवा विकास के माध्यम से राष्ट्र निर्माण का मजबूत स्तंभ बन रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि ऐसे खेल आयोजन युवाओं में हार-जीत से परे खेल भावना के विकास में योगदान देते है। उन्होंने कहा कि ये सक्षम और अनुशासित युवा ही राष्ट्र के निर्माण में सहयोग देते हैं।

श्री मोदी ने कहा कि वर्ष 2030 में जब भारत अहमदाबाद में कॉमनवेल्‍थ खेलों की मेज़बानी करेगा, तब पूरी दुनिया भारत की तरफ देख रही होगी। उन्‍होंने कहा कि ये युवा खिलाडियों के लिए एक महत्‍वपूर्ण अवसर होगा।

श्री मोदी ने कहा कि भारत वर्ष 2036 में ओलिम्पिक खेलों की मेज़बानी हासिल करने के लिए प्रयास कर रहा है। श्री मोदी ने कहा कि आज जो बच्‍चे दस से बारह साल की आयु वर्ग में हैं, वर्ष 2036 ओलिम्पिक खेलों में भारत का प्रतिनिधित्‍व करेंगे।

प्रधानमंत्री ने कहा कि सांसद खेल महोत्‍सव ऐसे खिलाडियों की प्रतिभा को और निखारने तथा उन्‍हें राष्‍ट्रीय स्‍तर पर लाने में एक महत्‍वपूर्ण मंच प्रदान करेगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने हर अभिभावक से अपने बच्‍चों को खेलों में भाग लेने और उन्‍हें प्रोत्‍साहित करने का आग्रह किया। श्री मोदी ने कहा कि खेल सिर्फ प्रतिस्‍पर्धाएं हीं नहीं हैं, बल्कि ये निरन्‍तर सीखने की प्रक्रिया का भाग है। उन्‍होंने कहा कि खेल शारीरिक और मानसिक स्‍वास्‍थ्‍य को बनाए रखने में सहायक है।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला