नागर विमानन मंत्री के. राममोहन नायडू ने कहा है कि विमानन संचालन की सुरक्षा और संरक्षा के मामले में कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
लोकसभा में आज प्रश्नकाल के दौरान पूरक प्रश्न का उत्तर देते हुए श्री नायडू ने कहा कि उड़ान संचालन की सुरक्षा के संबंध में हर देश सर्वोच्च मानकों को बनाए रखने का प्रयास करता है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा से संबंधित दिशानिर्देश और प्रोटोकॉल मुख्य रूप से अंतर्राष्ट्रीय नागर विमानन संगठन-आईसीएओ बनाता है।
नागर विमानन मंत्री ने कहा कि विमानन अंतर्राष्ट्रीय विषय है, इसलिए सभी देशों के लिए इन मानदंडों का समान रूप से पालन करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि एक जिम्मेदार देश के रूप में भारत इन नीतियों, दिशानिर्देशों और नियमों का पूरी तरह पालन करने के लिए प्रतिबद्ध है।
मौसम पूर्वानुमान पर श्री नायडू ने कहा कि नागर विमानन मंत्रालय सटीकता में सुधार के लिए मौसम विभाग के साथ मिलकर काम कर रहा है।
उन्होंने कहा कि हवाई अड्डों पर उन्नत उपकरण स्थापित किए गए हैं जो कोहरे, बादल, तटीय मौसम और अन्य वायुमंडलीय स्थितियों पर वास्तविक समय के आंकड़े प्रदान करता है।
उन्होंने कहा कि विमानन मंत्रालय सक्रिय रूप से नवीनतम तकनीकों का उपयोग करता है और मौसम के सटीक पूर्वानुमान के लिए हवाई अड्डों पर उसे अपनाता भी है। श्री नायडू ने कहा कि परिचालन संबंधी किसी भी चुनौती का तुरंत और पूर्ण प्रयास तथा समन्वय के साथ समाधान किया जाता है।