लोकसभा में आज अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर जाने वाले भारत के पहले अंतरिक्ष यात्री कैप्टन शुभांशु शुक्ला पर विशेष चर्चा होगी। इसमें वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के लिए अंतरिक्ष कार्यक्रम पर महत्वपूर्ण चर्चा होगी।
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने नई दिल्ली में संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि कैप्टन शुक्ला, अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन के सफल मिशन के बाद स्वदेश लौट आए हैं और आज संसद में उनकी इस अंतरिक्ष यात्रा पर विशेष चर्चा के साथ उन्हें सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने आशा व्यक्त की कि जिस तरह सभी सदस्यों ने ऑपरेशन सिंदूर पर चर्चा में भाग लिया, उसी तरह सभी दल चर्चा में भाग लेंगे और कैप्टन शुभांशु शुक्ला और भारतीय वैज्ञानिकों को बधाई देंगे।