दिल्ली के खाद्य और आपूर्ति मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने आज बताया कि राजधानी में अटल कैंटीनों के लिए एलपीजी की कोई कमी नहीं है।
एक सोशल मीडिया पोस्ट में श्री सिरसा ने स्पष्ट किया कि हाल ही में आई रुकावट केवल दो एजेंसियों तक सीमित थी, जिन्होंने निर्धारित गैर-घरेलू छूट प्राप्त श्रेणी के बजाय वाणिज्यिक कनेक्शनों का उपयोग किया था।
उन्होंने बताया कि पर्याप्त एलपीजी की आपूर्ति सुनिश्चित करने और भविष्य में किसी भी प्रकार की बाधा को रोकने के लिए कैंटीनों को उचित श्रेणी में स्थानांतरित करने में सहायता दी जा रही है।
साथ ही, इस संबंध में नोडल अधिकारियों का गठन किया गया है जिनके संपर्क विवरण संबंधित विभाग को भेज दिए गए हैं। श्री सिरसा ने कहा कि जरूरतमंदों को किफायती भोजन की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सरकार पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं।