पश्चिम एशिया में संघर्ष समाप्त करने को लेकर अमरीका और ईरान किसी ठोस समझौते के करीब आते नहीं दिख रहे हैं। अमरीका ने ईरान द्वारा प्रस्तुत किए गए प्रारूप के प्रमुख बिन्दुओं पर आपत्ति व्यक्त की है। पश्चिम एशिया में अस्थिर संघर्ष विराम के कारण स्थिति और तनावपूर्ण हो रही है। अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा है कि प्रस्ताव को अस्वीकार्य बताया है। उन्होंने कहा कि ईरान ने अभी तक कोई बड़ी कीमत नहीं चुकाई है। इससे अमरीका के और सख्त रुख का संकेत मिल रहा है।
ईरान के विदेश मंत्रालय ने कहा है कि उसे 14 सूत्री प्रस्ताव पर अमरीका की प्रतिक्रिया मिली है और जिसकी समीक्षा की जा रही है। ईरान के अधिकारियों ने कहा है कि उनकी योजना मुख्य रूप से संघर्ष समाप्त करने पर है और इसमें परमाणु मुद्दों को शामिल नहीं किया गया है जो दोनों पक्षों के बीच एक बड़ा मतभेद बना हुआ है। इस चरण में परमाणु वार्ता को लेकर कोई चर्चा नहीं चल रही है।
ट्रंप ने इस प्रस्ताव पर संदेह जताया है और कहा है कि ये अमरीका की मुख्य मांगों, विशेषकर परमाणु प्रतिबंधों को पूरा नहीं करता है।
इस बीच, संघर्ष विराम के बावजूद इस्राएल और हिजबुल्ला के बीच लड़ाई तेज हो गई है।