केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 12 हजार 15 करोड़ रुपये की लागत से अधिक की दिल्ली मेट्रो के चरण 5-ए परियोजना के अंतर्गत तीन नए कॉरिडोर को मंजूरी दी है।
ये कॉरिडोर आर.के. आश्रम मार्ग से इंद्रप्रस्थ, एयरोसिटी से एयरपोर्ट टर्मिनल-1 और तुगलकाबाद से कालिंदी कुंज तक हैं।
नई दिल्ली में मंत्रिमंडल की बैठक के बाद सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि इस विस्तार के साथ दिल्ली मेट्रो नेटवर्क 400 किलोमीटर से अधिक लंबा हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि 13 नए मेट्रो स्टेशन बनाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि आर.के. आश्रम मार्ग-इंद्रप्रस्थ खंड बॉटनिकल गार्डन-आर.के. आश्रम मार्ग कॉरिडोर का विस्तार होगा। यह सेंट्रल विस्टा क्षेत्र को मेट्रो कनेक्टिविटी प्रदान करेगा।
श्री वैष्णव ने बताया कि सेंट्रल विस्टा कॉरिडोर सभी कर्तव्य भवनों को कनेक्टिविटी प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि इस मेट्रो कनेक्टिविटी से प्रतिदिन लगभग कार्यालय जाने वाले 60 हजार लोगों और 2 लाख आगंतुकों को लाभ मिलेगा। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में मेट्रो क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव हुये हैं।
श्री वैष्णव ने कहा कि एयरोसिटी-एयरपोर्ट टर्मिनल-1 और तुगलकाबाद-कालिंदी कुंज खंड एयरोसिटी-तुगलकाबाद कॉरिडोर का विस्तार होंगे। उन्होंने कहा कि इससे तुगलकाबाद, साकेत और कालिंदी कुंज जैसे क्षेत्रों में राष्ट्रीय राजधानी के दक्षिणी हिस्सों के साथ हवाई अड्डे की कनेक्टिविटी बढ़ेगी।
श्री वैष्णव ने बताया कि चरण-5 ए परियोजना के इन मेट्रो विस्तारों से मध्य दिल्ली और घरेलू हवाई अड्डे तक दिल्ली मेट्रो नेटवर्क की पहुंच बढ़ेगी, जिससे अर्थव्यवस्था को और बढ़ावा मिलेगा।