देश में 15 वर्ष और उससे अधिक आयु के व्यक्तियों की बेरोजगारी दर इस वर्ष फरवरी में घटकर 4.9 प्रतिशत रह गई है। यह जनवरी में पांच प्रतिशत थी। सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के मासिक श्रम बल और बेरोजगारी आंकड़ों के अनुसार ग्रामीण दर 4.2 प्रतिशत पर स्थिर रही, जबकि शहरी दर जनवरी के सात प्रतिशत से घटकर 6.6 प्रतिशत हो गई।
फरवरी में 15 वर्ष और उससे अधिक आयु की महिलाओं में समग्र बेरोजगारी दर जनवरी के 5.6 प्रतिशत की तुलना में घटकर 5.1 प्रतिशत हो गई। ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में गिरावट दर्ज की गई।
शहरी महिलाओं की बेरोजगारी दर घटकर आठ दशमलव सात प्रतिशत हो गई, जबकि ग्रामीण महिलाओं की बेरोजगारी दर इसी अवधि में घटकर चार प्रतिशत हो गई। हालांकि, पुरुषों की समग्र बेरोजगारी दर 4.8 प्रतिशत पर स्थिर रही। 15 वर्ष और उससे अधिक आयु वर्ग की महिलाओं की समग्र श्रम बल सहभागिता दर में मामूली वृद्धि हुई और यह 35.3 प्रतिशत तक पहुंच गई।