राष्ट्रीय पेंशन योजना (एनपीएस) में शामिल होने वाले कुल उपभोक्ताओं की संख्या इस वर्ष मार्च में दो करोड़ 17 लाख तक पहुंच गई है। पेंशन वृद्धावस्था के दौरान लोगों को निर्बाध मासिक आय प्रदान करती है। पेंशन फंड नियामक और विकास प्राधिकरण द्वारा विनियमित यह योजना सेवानिवृत्ति के बाद नागरिकों को दीर्घकालिक वित्तीय सुरक्षा प्रदान करती है। इस प्रबंधन की परिसंपत्तियां एनपीएस के तहत लगभग 16 लाख करोड़ तक पहुंच चुकी है।
अटल पेंशन योजना में शामिल होने वाले लोगों की संख्या भी 8 करोड़ 96 लाख से अधिक की हो चुकी है। इस योजना का शुभारंभ मई 2015 में किया गया था। इस योजना का उद्देश्य नागरिकों विशेषकर असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के लिए सार्वभौमिक सामाजिक सुरक्षा प्रणाली निर्मित करना है। यह योजना बचत खाता या डाकघर खाता रखने वाले 18 से 40 आयु वर्ग के लोगों के लिए है।