मार्च 29, 2026 10:06 अपराह्न

printer

ईरान के जवाबी हमले के बाद पश्चिम एशिया में सुरक्षा स्थिति और बिगड़ी

सऊदी अरब में ईरान के जवाबी हमले के बाद अमरीकी सैन्य विमान को हुए नुकसान की खबरों के बीच पश्चिम एशिया में सुरक्षा स्थिति और बिगड़ गई है। अमरीका की मीडिया के अनुसार, हमले में प्रिंस सुल्तान एयर बेस को निशाना बनाया गया। हमले में निगरानी और युद्ध प्रबंधन के लिए इस्तेमाल होने वाला अमरीकी ई-3 सेंट्री ए.डब्ल्यू.ए.सी.एस. विमान क्षतिग्रस्त हो गया। इसमें 12 अमरीकी सैनिकों के घायल होने की खबर है। हमले के लिए बैलिस्टिक मिसाइल और ड्रोन का इस्तेमाल किया गया था।

ईरान के प्रेस टीवी द्वारा जारी तस्वीरों में विमान को हुए व्यापक नुकसान को दिखाया गया है। ईरान ने यह भी दावा किया कि उसने एक अमरीकी एमक्यू-9 ड्रोन को मार गिराया और एक एफ-16 लड़ाकू विमान को निशाना बनाया।

प्रिंस सुल्तान एयर बेस इस क्षेत्र में अमरीकी हवाई अभियानों का एक प्रमुख केंद्र बना हुआ है और मौजूदा तनाव के दौरान इसे कई बार निशाना बनाया गया है।हमारे पश्चिम एशिया संवाददाता ने बताया कि इस्राएल ने ईरान के अन्य हिस्सों पर नवीनतम हवाई हमले किए। इनमें हथियार डिपो और सैन्य बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया गया। इस्राएल की सेना ने कहा कि वह कई मोर्चों पर युद्ध के लिए तैयार है। उधर, दक्षिणी लेबनान में एक इस्राएली सैनिक शहीद हो गया और तीन अन्य घायल हो गए।

इस बीच, अमरीका ने यू.एस.एस. ट्रिपोली पर अतिरिक्त मरीन सैनिक तैनात किए हैं।ईरान के संसद अध्यक्ष मोहम्मद बगेर ग़ालिबफ़ ने चेतावनी दी है कि ईरानी सेना किसी भी अमरीकी जमीनी उपस्थिति का जवाब देने के लिए तैयार है और उन्होंने अमरीका पर राजनयिक संदेशों के बावजूद हमले की योजना बनाने का आरोप लगाया।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला