रिज़र्व बैंक-आरबीआई ने आज परिवर्तनीय दर रेपो नीलामी के माध्यम से बैंकिंग प्रणाली में 79,256 करोड़ रुपये डाले, जिससे नगदी प्रवाह की स्थिति में सुधार हुआ। रिजर्व बैंक ने कहा है कि नगदी 5.26% की औसत दर पर डाली गई। हालांकि, अग्रिम कर भुगतान के कारण तंगी के बावजूद, डाली गई नगदी एक लाख करोड़ रुपये की अधिसूचित राशि से कम थी। बैंकिंग प्रणाली में 23 मार्च तक नगदी प्रवाह की कमी लगभग 65,395 करोड़ रुपये होने का अनुमान है।
इससे पहले, रिजर्व बैंक ने 20 मार्च को तीन दिवसीय नीलामी के माध्यम से 25 हजार करोड़ रुपये से अधिक और 17 मार्च को सात दिवसीय नीलामी के माध्यम से 48,000 करोड़ रुपये से अधिक डाले थे। रिजर्व बैंक ने इस वर्ष जनवरी से ओपन मार्केट ऑपरेशन के माध्यम से लगभग 3.5 लाख करोड़ रुपये की स्थायी नगदी भी डाली है। इस कदम का उद्देश्य पर्याप्त नगदी प्रवाह बनाए रखना और वित्तीय प्रणाली में स्थिरता सुनिश्चित करना है।