मार्च 16, 2026 11:24 पूर्वाह्न

printer

पंजाब सरकार ने पंजाब फिल्म प्रमोशन पॉलिसी 2026 जारी की

पंजाब सरकार ने फिल्‍म निर्माताओं, देश और विदेश के रचनात्‍मक लोगों, निवेशकों और मीडिया के अन्‍य हितधारकों के लिए आश्‍वासन के साथ पंजाब फिल्‍म संवर्धन नीति-2026 जारी की है। इसके तहत सिंगल विंडो क्लीयरेंस प्रणाली तथा राज्‍य में शूटिंग के लिए पूर्ण सरकारी सुविधाएं देने की भी घोषणा की गई है। सरकार मोहाली में फिल्‍म सिटी विकसित करने और फिल्‍म निर्माण में कौशल विकास को बढ़ावा देने पर भी कार्य कर रही है। इसकी घोषणा कल मोहाली में जारी प्रगतिशील पंजाब निवेशक सम्‍मेलन-2026 में मीडिया और मनोरंजन सत्र पर पैनल चर्चा के दौरान की गई।

इनवेस्‍ट पंजाब के मुख्‍य कार्यकारी अधिकारी श्री अमित ढाका ने कहा कि पंजाब राज्‍य में निर्माण लागत वाली फिल्‍मों, वृतचित्रों और वेब सीरीज के लिए 25 प्रतिशत पूंजी सब्सिडी की पेशकश कर रहा है। यह सब्सिडी प्रति फिल्‍म और वेब सीरीज के लिए अधिकतम तीन करोड़ रुपए की होगी। वहीं, पंजाबी भाषा की फिल्‍मों के लिए सब्सिडी की सीमा निर्माण लागत की तीस प्रतिशत होगी। इसकी अधिकतम सीमा प्रति फिल्‍म साढ़े तीन करोड़ रुपए होगी। इस नीति में राज्‍य में फिल्‍म सिटी, फिल्‍म स्‍टूडियो, वी एफ एक्‍स स्‍टूडियो और प्रशिक्षण संस्‍थान स्‍थापित करने के लिए बीस प्रतिशत की पूंजी सब्सिडी भी शामिल है।