अगस्त 15, 2025 9:33 अपराह्न

printer

प्रधानमंत्री ने अगली पीढ़ी के जीएसटी सुधारों के साथ-साथ हथियार, परमाणु ऊर्जा और गहरे समुद्र में खोज जैसे क्षेत्रों में महत्‍वपूर्ण पहलों की घोषणा की

79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने इस बात पर प्रकाश डाला कि 2017 में लागू किए गए एक महत्वपूर्ण सुधार, वस्तु और सेवा कर-जीएसटी से देश किस प्रकार लाभान्वित हुआ है। प्रधानमंत्री ने जीएसटी के अंतर्गत अगली पीढ़ी के सुधारों के महत्व पर ज़ोर दिया, जिससे आम आदमी, किसानों, मध्यम वर्ग और एमएसएमई क्षेत्र को राहत मिलेगी।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सरकार जीएसटी में महत्वपूर्ण सुधारों का प्रस्ताव कर रही है जो आत्मनिर्भर भारत के तीन स्तंभों पर केंद्रित होंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि इन तीन स्तंभों में संरचनात्मक सुधार, दरों का युक्तिकरण और जीवन की सुगमता सम्मिलित हैं।

सरकार ने जीएसटी दरों के युक्तिकरण और सुधारों पर अपना प्रस्ताव जीएसटी परिषद द्वारा गठित मंत्रिसमूह (जीओएम) को इस मुद्दे की जाँच के लिए भेज दिया है। अगली पीढ़ी के सुधारों के लिए पहचाने गए प्रमुख क्षेत्रों में समाज के सभी वर्गों, विशेष रूप से आम आदमी, महिलाओं, छात्रों, मध्यम वर्ग और किसानों को लाभ पहुँचाने के लिए कर दरों का युक्तिकरण शामिल है।

सुधारों का उद्देश्य वर्गीकरण संबंधी विवादों को कम करना, विशिष्ट क्षेत्रों में उलटे शुल्क ढाँचे को सुधारना, दरों में अधिक स्थिरता सुनिश्चित करना और व्यापार सुगमता को और बढ़ाना है। ये उपाय प्रमुख आर्थिक क्षेत्रों को मज़बूत करेंगे, आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करेंगे और क्षेत्रीय विस्तार को सक्षम करेंगे।