अप्रैल 11, 2026 3:04 अपराह्न

printer

शरणार्थियों को मिलेगा पूर्ण संवैधानिक अधिकार, बाहर निकाले जाएंगे घुसपैठी : वरिष्‍ठ भाजपा नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि पश्चिम बंगाल में शरणार्थियों को सभी संवैधानिक अधिकार दिए जाएंगे और घुसपैठियों को निकाला जाएगा। आज पश्चिम बंगाल में कटवा में, एक रैली में उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा की सरकार बनने पर नागरिकता कानून के तहत पात्र आवेदकों को नागरिकता देने की प्रक्रिया तेज़ की जाएगी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि 15 वर्ष के शासन के दौरान तृणमूल कांग्रेस ने राज्‍य की जनता को भय के अलावा और कुछ नही दिया है। उन्‍होंने कहा कि भाजपा राजनीतिक हिंसा में शामिल लोगों पर सख़्त कार्रवाई करेगी। श्री मोदी ने कहा कि अब घुसपैठियों को निकालने का समय आ गया है। उन्‍होंने कहा कि अवैध रूप से राज्‍य में रहने वालों की मदद करने वालों को भी बख्शा नहीं जाएगा।

श्री मोदी ने कहा कि भाजपा की रैलियों में लोगों की उमड़ती भीड़ संकेत दे रही है कि 4 मई को परिणाम कैसा रहेगा। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता बदलाव के लिए तैयार है।

उन्होंने यह भी कहा कि जहां भी महिलाओं ने बड़ी संख्या में मतदान किया है, वहां भाजपा को चुनावी सफलता मिली है।श्री मोदी ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस सरकार में व्यापक भ्रष्टाचार व्याप्त है और भाजपा इस बारे में श्वेत-पत्र जारी करेगी।