जून 15, 2025 6:55 पूर्वाह्न

printer

भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला को अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन भेजने के बहुप्रतीक्षित एक्सियोम-4 मिशन की नई तारीख 19 जून

भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला को अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन भेजने के बहुप्रतीक्षित एक्सियोम-4 मिशन की नई तारीख 19 जून, 2025 निर्धारित की गई है। इस मिशन में तकनीकी कमियों के कारण देरी हुई और इनका अब समाधान कर दिया गया है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन-इसरो, एक्सिओम स्पेस और स्पेसएक्स के बीच बैठक में यह पुष्टि की गई कि फाल्कन 9 प्रक्षेपण वाहन में आए तरल ऑक्सीजन रिसाव की समस्या को सफलतापूर्वक हल कर लिया गया है।

 

यह रिसाव नियमित पूर्व प्रक्षेपण निरीक्षण के दौरान पता चला था और इसके कारण 11 जून को होने वाला प्रक्षेपण स्थगित कर दिया गया था। यह मिशन भारत के लिए काफी महत्वपूर्ण है। मिशन सफल होने पर, शुभांशु शुक्ला अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन की यात्रा करने वाले पहले और 1984 में अंतरिक्ष जाने वाले अंतरिक्ष यात्री राकेश शर्मा के बाद दूसरे भारतीय बन बन जाएंगे।

 

    नासा, स्पेसएक्स और इसरो के बीच सहयोग से शुरू किए गए इस मिशन का उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष उड़ान सहयोग को मजबूत करना है। इस मिशन को भारत के अपने गगनयान कार्यक्रम के लिए महत्वपूर्ण तैयारी के रूप में देखा जा रहा है।

 

इसका उद्देश्य स्वदेशी तकनीक का उपयोग करके भारतीय अंतरिक्ष यात्रियों को अंतरिक्ष में भेजना है। इस मिशन से प्राप्त अनुभव से  भारत के भविष्य के अंतरिक्ष कार्यक्रमों को फायदा होगा और वैश्विक अंतरिक्ष अन्वेषण में देश की स्थिति मजबूत होगी।