संचार मंत्रालय ने आज देशभर के नागरिकों के लिए नियमित पूंजी बाजार सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्टॉक होल्डिंग सर्विसेज लिमिटेड – एस एस एल के साथ समझौता किया। मंत्रालय ने कहा कि संगठित ओर नियमित पूंजी बाजारों में नागरिकों की भागीदारी बढाने के लिए ये साझेदारी इंडिया पोस्ट की पहुंच और विश्वसनीयता का लाभ उठाना चाहती है। इसके अंतर्गत चुनिंदा पोस्ट ऑफिस में आधिकारिक प्लेटफॉर्म द्वारा ऑन-बोर्डिंग लिंक और क्यू-आर कोड जैसी डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिनके द्वारा नागरिक एस एस एल की सेवाओं तक पहुंच पाएंगे। इन सेवाओं में डीमैट और ट्रेडिंग खातों को खोलना, म्युचुअल फंड में निवेश, आई पी ओ में भागीदारी और अन्य स्वीकृत निवेश उत्पाद शामिल हैं। इस समझौते के तहत एस एस एल वित्तीय बाजारों में सशक्त भागीदारी के लिए डाक विभाग के समर्थन से निवेशकों की शिक्षा और वित्तीय साक्षारता कार्यक्रम संचालित करेगा, जो खासतौर से ग्रामीण तथा अर्ध-शहरी इलाकों के नागरिकों और पहली बार निवेश कर रहे व्यक्तियों के लिए होंगे। स्टॉक होल्डिंग सर्विसेज लिमिटेड, सेबी द्वारा पंजीकृत कोरपोरेट स्टॉक ब्रोकर है, जो देशभर में सभी संस्थागत और खुदरा उपभोक्ताओं को सुरक्षित तथा विश्वसनीय सेवाएं प्रदान करता है।
News On AIR | जनवरी 27, 2026 10:18 अपराह्न
संचार मंत्रालय ने पूंजी बाजार सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए एसएसएल से समझौता किया