मौसम विभाग ने आज मध्य महाराष्ट्र और विदर्भ में मूसलाधार बारिश की संभावना जताई है।
विभाग ने यह भी बताया है कि उत्तर पश्चिम भारत के कई हिस्सों में आज गरज के साथ तेज बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने की संभावना है। इन क्षेत्रों में गुजरात, राजस्थान, हरियाणा, कोंकण, गोवा, ओडिशा, तटीय कर्नाटक और उत्तर प्रदेश शामिल हैं।
आकाशवाणी समाचार से बातचीत में, मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक आर. के. जेनामणि ने बताया कि ओडिशा, छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश के लिए आज भारी वर्षा को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है, जबकि उत्तराखंड के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में अगले दो दिनों तक हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है।
इस बीच, मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि आने वाले सात दिनों में उत्तर-पश्चिम, पश्चिम, उत्तर-पूर्व, पूर्व, मध्य और दक्षिणी प्रायद्वीपीय के कई हिस्सों में बारिश, गरज के साथ बिजली और तेज हवाएं चलने की संभावना हैं।