मौसम विभाग ने गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश में कल लू चलने की संभावना व्यक्त की है। पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में अगले चार से पांच दिन तक रात में गर्मी बनी रहने की संभावना है। उत्तर-पश्चिम भारत में अगले दो से तीन दिन में अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की वृद्धि का भी अनुमान है।
इस बीच, अगले दो दिन में असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल के तराई वाले क्षेत्र और सिक्किम में तेज बारिश हो सकती है। पूर्वोत्तर, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, आंध्र प्रदेश, बिहार, झारखंड, लक्षद्वीप, ओडिशा और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में कल बादल गरजने और बिजली चमकने की संभावना है। चंडीगढ़, जम्मू-कश्मीर, पंजाब और उत्तराखंड में भी ऐसी ही स्थिति रह सकती है।
राष्ट्रयी राजधानी क्षेत्र दिल्ली में कल बादल छाए रहने और तेज हवाओं के साथ बारिश का अनुमान है। कल अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच जबकि न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।