केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर निर्मित होल्डिंग एरिया यात्रियों के अनुभव में उल्लेखनीय सुधार ला रहा है। अश्विनी वैष्णव कल रात स्टेशन पर त्योहारों के दौरान भीड़ प्रबंधन का निरीक्षण कर रहे थे। मंत्री ने कहा कि होल्डिंग एरिया, यात्री सुविधा केंद्र का हिस्सा है जिसमें कई टिकट काउंटर और शौचालय हैं। इससे लगभग 75 हज़ार लोगों की उपस्थिति में भी यात्रियों की आवाजाही सुचारू रूप से हो रही है। उन्होंने बताया कि भारी भीड़ के बावजूद, रेलवे कर्मचारी सुचारू संचालन और यात्री सुविधा सुनिश्चित करने के लिए चौबीस घंटे काम कर रहे हैं। अश्विनी वैष्णव ने यह भी बताया कि त्योहारों के दौरान देश भर में लगभग 12 हज़ार विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं।
अश्विनी वैष्णव ने नियंत्रण कक्ष का भी दौरा किया जहाँ से स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की सहायता से सुरक्षा निगरानी की जाती है।