जुलाई 19, 2024 10:23 पूर्वाह्न | संसद सत्र – विधेयक

printer

सरकार अगले सप्ताह से शुरू हो रहे संसद के मानसून सत्र में आपदा प्रबंधन अधिनियम में संशोधन सहित छह नए विधेयक पेश करेगी

 

सरकार अगले सप्ताह से शुरू हो रहे संसद के मानसून सत्र में आपदा प्रबंधन अधिनियम में संशोधन सहित छह नए विधेयक पेश करेगी। सरकार ने वित्त विधेयक के अलावा नागरिक उड्डयन क्षेत्र में व्यापार को सुगम बनाने के उद्देश्‍य से 1934 के विमान अधिनियम को बदलने के लिए भारतीय वायुयान विधेयक 2024 को भी सूचीबद्ध किया है। लोकसभा सचिवालय द्वारा कल शाम जारी संसद बुलेटिन में विधेयकों की सूची प्रकाशित की गई है। संसद का मानसून सत्र 22 जुलाई से शुरू होगा जो 12 अगस्त तक चलेगा। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 23 जुलाई को संसद में केंद्रीय बजट पेश करेंगी। सत्र के दौरान सूचीबद्ध अन्य विधेयकों में बॉयलर बिल शामिल है।

 

इस बीच, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बिजनेस एडवाइजरी कमेटी (बीएसी) का गठन किया है जो संसदीय एजेंडा तय करती है। इस समिति के अध्यक्ष स्वयं श्री बिड़ला होंगे। समिति में भाजपा के पी पी चौधरी, अनुराग सिंह ठाकुर, भृतहरि महताब, कांग्रेस के गौरव गोगोई, के. सुरेश, टीडीपी के लावु श्री कृष्ण देवरायलू, टीएमसी के सुदीप बंद्योपाध्याय, जनता दल-यू के दिलेश्वर कामैत, डीएमके पार्टी के दयानिधि मारन,शिवसेना (उद्धव गुट) के अरविंद सावंत, और समाजवादी पार्टी के लालजी वर्मा सहित अन्‍य सदस्‍य शामिल हैं।