सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री डॉक्टर वीरेंद्र कुमार ने कहा है कि सरकार पुनर्वास और उपचार पर ध्यान केंद्रित करते हुए देश के सभी जिलों में नशा मुक्ति केंद्र स्थापित करेगी। लोकसभा में आज प्रश्नकाल के दौरान पूरक प्रश्न का उत्तर देते हुए डॉ. कुमार ने कहा कि नशा एक गंभीर सामाजिक बुराई है। यह परिवारों को कमजोर बना रही है और समाज के ताने-बाने को तोड़ रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2020 में लालकिले की प्राचीर से नशा मुक्त भारत अभियान की घोषणा की थी। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त भारत अभियान के तहत नशा करने वालों को परामर्श के साथ-साथ अस्पताल में भर्ती करके उपचार प्रदान करने के लिए देशभर में 768 नशा मुक्ति और पुनर्वास केंद्र कार्यरत हैं। डॉ. कुमार ने कहा कि ये केंद्र उपचार, पुनर्वास और परामर्श सेवाएं प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं साथ ही सामुदायिक स्तर पर जागरूकता पैदा करने के प्रयासों में भी सहयोग करते हैं।
News On AIR | अप्रैल 1, 2026 2:39 अपराह्न
देश के सभी जिलों में नशा मुक्ति केंद्र स्थापित करेगी सरकार: केंद्रीय मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार