सरकार ने पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष पर चर्चा करने के लिए आज शाम सर्वदलीय बैठक बुलाई है। यह बैठक संसद परिसर में होगी। संसद परिसर में संवाददाताओं से बातचीत में केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कहा कि सरकार ने विपक्षी दलों के साथ मौजूदा स्थिति पर चर्चा करने के लिए यह बैठक बुलाई है। उन्होंने कहा कि संकट के समय रचनात्मक भूमिका निभाना विपक्ष का भी कर्तव्य है, लेकिन दुर्भाग्य से विपक्ष इस पर राजनीति कर रहा है।
रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (ए) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने कहा कि बैठक में पश्चिम एशिया संकट पर चर्चा होगी और सभी को अपने विचार रखने चाहिए।
इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संसद के दोनों सदनों में पश्चिम एशिया संघर्ष पर बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि सरकार ने तेल, गैस और उर्वरकों की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक तैयारियां कर ली हैं।