दिसम्बर 22, 2025 9:53 अपराह्न

printer

भारत-न्यूजीलैंड एफटीए: 20 अरब डॉलर निवेश और द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने का लक्ष्य

 
भारत और न्‍यूजीलैंड के बीच ऐतिहासिक, महत्‍वाकांक्षी और दोनों देशों के लिए लाभकारी मुक्‍त व्‍यापार समझौता- एफटीए सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी और न्‍यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्‍टोफर लक्‍सन ने आज इसकी घोषणा की। प्रधानमंत्री मोदी ने आज टेलीफोन पर श्री लक्‍सन से बातचीत की। 
 
न्‍यूजीलैंड के प्रधानमंत्री लक्‍सन की इस वर्ष मार्च में भारत यात्रा के दौरान इस समझौते के लिए वार्ता शुरू हुई थी। दोनों नेता इस बात पर सहमत हुए कि नौ महीने के रिकॉर्ड समय में एफटीए का संपन्न होना दोनों देशों के बीच संबंधों को और मजबूत करने की साझा महत्वाकांक्षा और राजनीतिक इच्छाशक्ति को दर्शाता है। एफटीए से दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंध मजबूत होंगे, बाजार पहुंच बढ़ेगी, निवेश को बढ़ावा मिलेगा और रणनीतिक सहयोग प्रगाढ़ होगा। इस सहयोग से दोनों देशों के नवप्रवर्तकों, उद्यमियों, किसानों, लघु और मध्यम उद्यमों, छात्रों तथा युवाओं के लिए विभिन्न क्षेत्रों में नए अवसर सृजित होंगे। 
 
दोनों प्रधानमंत्रियों ने अगले पांच वर्षों में द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने और अगले 15 वर्षों में न्यूजीलैंड द्वारा भारत में 20 अरब डॉलर के निवेश का विश्‍वास व्‍यक्‍त किया। दोनों नेताओं ने खेल, शिक्षा और लोगों के बीच संपर्क जैसे आपसी सहयोग के क्षेत्रों में हुई प्रगति का स्‍वागत किया तथा भारत-न्‍यूजीलैंड के बीच साझेदारी को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।  
सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला