एक राष्ट्र-एक चुनाव से संबंधित दो विधेयकों पर संयुक्त संसदीय समिति की पहली बैठक अगले महीने की 8 तारीख को होगी। उनतालीस सदस्यीय समिति में लोकसभा के 27 और राज्यसभा के 12 सदस्य शामिल हैं। समिति अगले संसद सत्र के अंतिम सप्ताह के पहले दिन अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।
समिति में भाजपा नेता पीपी चौधरी, अनुराग सिंह ठाकुर और पुरुषोत्तमभाई रूपाला, कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी और मनीष तिवारी, तृणमूल कांग्रेस के कल्याण बनर्जी, एनसीपी-शरद पवार की सुप्रिया सुले और लोकसभा से अन्य सदस्य शामिल हैं।
राज्यसभा से भाजपा के घनश्याम तिवाडी, भुवनेश्वर कलिता और के. लक्ष्मण, कांग्रेस के रणदीप सिंह सुरजेवाला और मुकुल बालकृष्ण वासनिक और जेडीयू के संजय कुमार झा तथा वाईएसआर कांग्रेस के वी. विजयसाई रेड्डी और अन्य संसदीय समिति के सदस्य हैं।
इन विधेयकों को आधिकारिक तौर पर संविधान (एक सौ उनतीसवां संशोधन) विधेयक, 2024 और केंद्र शासित प्रदेश कानून (संशोधन) विधेयक, 2024 नाम दिया गया है।