अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन सम्मेलन के आठवें सत्र की मेजबानी नई दिल्ली का भारत मंडपम 27 से 30 अक्टूबर तक करेगा। यह आयोजन वैश्विक समुदाय को सहयोग को बढाने और एक उज्ज्वल और टिकाऊ भविष्य के लिए सौर ऊर्जा को अपनाने में तेजी लाने के लिए एक साथ लाएगा। नई दिल्ली में नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि इस दौरान सदस्य देश प्रगति की समीक्षा करेंगे, चुनौतियों का पता लगाएंगे। साथ ही सभी के लिए सस्ती सौर ऊर्जा विजन के लिए कार्यों को संरेखित करेंगें। उन्होंने कहा कि भारत ने अपने लक्ष्य से पांच साल पहले गैर-जीवाश्म ईंधन स्रोतों से अपनी कुल स्थापित बिजली उत्पादन क्षमता का 50 प्रतिशत हासिल कर लिया है। उन्होंने कहा कि भारत तीसरा विश्व का सबसे बड़ा सौर उत्पादक है और नवीकरणीय ऊर्जा वृद्धि के लिए विश्व का दूसरा सबसे बड़ा बाजार है। श्री जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त योजना के अंतर्गत अपनी छत पर सौर ऊर्जा से 20 लाख से अधिक घर पहले ही लाभान्वित हो रहे हैं।
अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन के महानिदेशक आशीष खन्ना ने आकाशवाणी समाचार को बताया कि एक सौ 24 देश और देश भर के 40 से अधिक मंत्री इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि सौर गठबंधन सौर ऊर्जा की शक्ति का दोहन करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को आगे बढ़ाएगा।