अप्रैल 1, 2026 8:50 अपराह्न

printer

मौजूदा ईरान संघर्ष से ब्रिटेन का भविष्य प्रभावित होगा: ब्रिटेन के प्रधानमंत्री

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने चेतावनी दी है कि मौजूदा जारी ईरान संघर्ष से ब्रिटेन का भविष्य प्रभावित होगा। उन्होंने यह भी कहा कि ब्रिटेन आर्थिक नुकसान झेलने के लिए तैयार है। श्री स्‍टार्मर ने आज लंदन में कहा कि ब्रिटेन इस संघर्ष में शामिल नहीं होगा क्योंकि यह राष्‍ट्र हित में नहीं है। बढ़ती महंगाई पर चिंता व्यक्त करते हुए श्री कीर स्टार्मर ने कहा कि इससे निपटने का सबसे प्रभावी तरीका मध्य पूर्व में तनाव कम करना और होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने के लिए दबाव बनाना है। उन्होंने बताया कि विदेश मंत्री यवेट कूपर इस सप्ताह के अंत में अंतरराष्ट्रीय सहयोगियों के साथ बैठक करेंगी। बैठक में नौवहन की स्वतंत्रता बहाल करने, फंसे हुए जहाजों और नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और आवश्यक वस्तुओं की आवाजाही फिर शुरू करने के लिए सभी व्यवहार्य राजनयिक और राजनीतिक उपायों का आकलन किया जाएगा।

इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ ने राष्ट्र को संबोधित करते हुए कहा कि मध्य पूर्व में जारी संकट के कारण आने वाले महीने आसान नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि हालांकि ऑस्ट्रेलिया का पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध से कोई सीधा संबंध नहीं है, फिर भी नागरिकों पर इसका असर पड़ा है। उन्होंने कहा कि युद्ध के कारण आर्थिक संकट से ऑस्ट्रेलिया भी प्रभावित होगा। श्री अल्बनीज़ ने कहा कि ईंधन उत्पाद शुल्क को अगले तीन महीनों तक आधा कर दिया गया है। उन्होंने  नागरिकों से ईंधन की जमाखोरी न करने और सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने का आग्रह किया।

उधर, अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प कल सुबह ईरान पर एक महत्वपूर्ण अपडेट देने के लिए राष्ट्र को संबोधित करेंगे। इससे पहले ट्रम्प ने कहा था कि अमरीकी सैन्य बल दो या तीन सप्ताह में ईरान छोड़ देंगे। उन्होंने कहा कि ईरान में भारी मात्रा में मिसाइल निर्माण सुविधाओं को नष्ट कर दिया गया है।

हालांकि ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाक़ाई ने कहा कि संघर्ष शुरू होने के बाद से ट्रंप प्रशासन के साथ कोई सीधी बातचीत नहीं हुई है। तेहरान ने धमकी दी है कि अगर ईरान के और नेताओं की हत्या की जाती है तो वह अमरीकी प्रौद्योगिकी कंपनियों पर हमला करेगा।

इस बीच, इस्राएल के रक्षा मंत्री इस्राएल काट्ज़ ने कहा है कि वे सीमा के पास स्थित लेबनान के गांवों को नष्ट कर देंगे और दक्षिण से भागे 6 लाख लोगों को तब तक घर लौटने नहीं दिया जाएगा जब तक उत्तरी इस्राएल सुरक्षित नहीं हो जाता। उन्होंने दक्षिणी लेबनान में एक बफर ज़ोन स्थापित करने की इस्राएल की योजना को दोहराया। उधर, लेबनान की राजधानी बेरूत के जनाह इलाके में कई मिसाइलों के हमले में 10 लोग मारे गए और कई अन्य घायल हो गए। लेबनान की सामाजिक मामलों की मंत्री हनीन सैयद ने एक समाचार एजेंसी को बताया कि इस्राएल के जमीनी अभियान से लेबनान में लोगों के दीर्घकालिक विस्थापन का खतरा बढ़ रहा है।