पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष का आज 7वां दिन है। ईरान तथा अमरीकी और इस्राएली सेना की ओर से ताजा हमलों की खबर है। इस्राएली रक्षाबलों ने बताया कि ईरान की ओर से कई मिसाइले दागी गयीं।
बहरीन ने भी कहा है कि ईरान ने राजधानी मनामा में एक होटल और दो रिहायशी इमारतों को निशाना बनाया।
इस हमले में जानमाल का नुकसान नहीं हुआ। बहरीन के गृह मंत्रालय ने बताया कि चार लोगों को ईरान से सहानुभूति व्यक्त करने और उसके समर्थन में वीडियो बनाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
संयुक्त अरब अमीरात ने भी कहा है कि ईरान ने उसके क्षेत्र में कई मिसाइल और ड्रोन हमले किए। संयुक्त अरब की वायु रक्षा प्रणाली ने कल दागे गए सात मिसाइलों में से छह को और 131 ड्रोन में से 125 को हवा में ही नष्ट कर दिया।
इस्राएल ने बेरूत में हिजबुल्ला के कंमाडर जैद अली जुमा को मार दिया है। जुमा दक्षिणी लेबनान में हिजबुल्ला का शस्त्रागार प्रमुख था। इससे पहले इस्राइली नौसेना ने हमास के कमांडर वसीम अताअल्ला अली को भी मार दिया था।
इस बीच, अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने ईरान के इस्लामिक रेवोल्युशनरी गार्ड से हथियार डालने को कहा है। श्री ट्रंप ने कहा कि ईरानी सेना के लिए यह समय अपने लोगों की मदद करने का है।
अमरीका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने भी ईरान को चेतावनी देते हुए हमले रोकने को कहा है। इसके जवाब में ईरान के विदेश मंत्री अरागशी ने कहा है कि ईरान ने अमरीकी प्रशासन से दो बार बात करने की कोशिश की लेकिन अमरीका ने इस बीच ही ईरान पर हमला कर दिया।
उन्होंने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि ईरान इस युद्ध के तैयार था उसकी सशक्त सेना सुनिश्चित कर रही है कि शत्रु को माकूल सबक मिले।