आठ प्रमुख उद्योगों के संयुक्त सूचकांक में पिछले वर्ष दिसंबर में वार्षिक आधार पर 3.7 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई है। यह पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में कम वृद्धि दर है, लेकिन नवंबर, 2025 के संशोधित 2.1 प्रतिशत से अधिक है। वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने बताया कि पिछले महीने सीमेंट, इस्पात, बिजली, उर्वरक और कोयले के उत्पादन में सकारात्मक वृद्धि दर्ज की गई है।
इस दौरान, सीमेंट उत्पादन में 13.5 प्रतिशत, इस्पात उत्पादन में छह दशमलव नौ प्रतिशत, बिजली उत्पादन में 5.3 प्रतिशत, उर्वरक उत्पादन में 4.1 प्रतिशत और कोयला उत्पादन में 3.6 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। हालांकि, कच्चे तेल के उत्पादन में 5.6 प्रतिशत और प्राकृतिक गैस के उत्पादन में 4.4 प्रतिशत और पेट्रोलियम रिफाइनरी उत्पादों में एक प्रतिशत की गिरावट दर्ज हुई।
वाणिज्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार अप्रैल से दिसंबर की अवधि के दौरान औद्योगिक क्षेत्र की सकल विकास दर पिछले वर्ष की समानावधि के मुकाबले 2.6 प्रतिशत दर्ज हुई। औद्योगिक उत्पादन सूचकांक में आठ प्रमुख उद्योगों की हिस्सेदारी 40 प्रतिशत से अधिक है।